ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं हाेने पर दी अधिकारियों के घेराव की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपता। तहसील रुद्रप्रयाग के बाबई गांव और आसपास के इलाकों में पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट गहराया है। रामपुर पंपिंग योजना से होने वाली पानी की आपूर्ति ठप है। इससे परेशान ग्रामीणों को अपने काम छोड़कर पांच किलोमीटर पैदल चलकर पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान शालिनी देवी ने कहा कि बरसात में हर साल यही दिक्कत सामने आती है और विभाग ने अभी तक कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने चेतावनी दी कि विभाग ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र भंडारी ने बताया कि रामपुर पंपिंग योजना से क्षेत्र के जनपद की सबसे अधिक आबादी वाले गांव में पानी की समस्या बनी हुई है। पानी न आने से ग्रामीण प्रभावित हैं। उन्होंने कहा पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो जिम्मेदार अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। स्थानीय गंभीर नेगी ने आक्रोश जताते हुए कहा कि ग्रामीण 15 दिन से पानी के लिए तरस रहे हैं। विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम छोड़कर पांच किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
वर्जन
अधिकारी बोले-गाद आने से रुकी सप्लाई
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि बरसात में नदी में अत्यधिक गाद भर जाती है। इस कारण पंप सही तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं। मोटर खराब होने के डर से पानी की आपूर्ति को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही बरसात कम होगी और गाद की समस्या ठीक होगी पेयजल आपूर्ति को दोबारा सुचारू कर दिया जाएगा।