रुद्रप्रयाग के नपं तिलवाड़ा में वार्ड संख्या चार में लगातार बारिश से आवासीय मकान हुआ क्षतिग्रस्
- फोटो : RUDRAPRYAG
नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार में रहने वाले बलदेव सिंह पुत्र जसपाल सिंह का आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीतम रही कि इस दौरान घर के सभी सदस्य किचन में भोजन कर रहे थे। पीड़ित ने नपं और प्रशासन से आवासीय भवन की मरम्मत व प्रधानमंत्री आवास योजना में नया भवन निर्माण के लिए मदद की गुहार लगाई है।
बुधवार को पूर्वान्ह 11 बजे के बाद पीड़ित परिवार किचन में भोजन कर रहा था। तभी, मकान के छत का पिछला हिस्सा भरभराकर ढह गया। स्थानीय महावीर सिंह जगवाण ने बताया कि पीड़ित आर्थिक रूप से गरीब है, जिस कारण मकान की मरम्मत करना संभव नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से पीड़ित को प्रधानमंत्री आवास योजना में भवन देने के साथ ही क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत के लिए मदद की मांग की है। इधर, नपं अध्यक्ष संजू जगवाण ने बताया कि प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। मकान की पठालयुक्त छत से बारिश का पानी अंदर नहीं घुसे, इसके लिए फिलहाल एक तिरपाल उपलब्ध कराया गया है। (संवाद)