जनता मिलन कार्यक्रम में मुसाढुंग की प्रधान ने कई परिवारों को अब तक भूमि का मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पेयजल, सड़क, मुआवजा और आवास से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। इस दौरान मुसाढुंग की प्रधान सजनी देवी ने तैला-विजयनगर और सूर्यप्रयाग-मुसाढुंग मार्ग से प्रभावित कई परिवारों को अब तक भूमि का मुआवजा नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि मार्ग तो बन गया लेकिन मुआवजा अभी तक नहीं दिया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायतें दर्ज हुईं जिनमें से आठ का निस्तारण किया गया।
जनता मिलन कार्यक्रम में गुलाबराय वार्ड निवासी केवलानंद ने भवन की सुरक्षा के लिए भीमल का पेड़ काटने की अनुमति देने की मांग की। उदियाणगांव निवासी महेंद्र पंवार ने बारिश से भवन के पुश्ते और पेयजल लाइन निर्माण की मांग की। गडमिल निवासी दशरथ बुटोला ने गांव में पेयजल आपूर्ति ठप होने की शिकायत की। वहीं कंडाली गांव की प्रियंका देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। डीएम ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा भी की और लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीडो राजेंद्र सिंह रावत, सीएमओ डाॅ, रामप्रकाश, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, जखोली भगत सिंह फोनिया आदि उपस्थित रहे।
लॉ कॉलेज गेट से बहने वाले नाले की मरम्मत की मांग
गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने सभी अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान गोपेश्वर वार्ड नौ के लोगों ने लॉ कॉलेज गेट से गुजरने वाले क्षतिग्रस्त नाले के मरम्मत की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि नाले के टूटने से बारिश का पानी सड़क पर बहने लगता है। इस पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, जल संस्थान और नगर पालिका को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर के पीटीए पदाधिकारियों ने विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य के स्थानांतरण व उनके कार्यकाल में छात्राओं को निशुल्क गणवेश न मिलने की जांच व कार्रवाई की मांग उठाई। जिला पंचायत सदस्य विपिन फर्स्वाण ने क्षेत्र में दो अनाथ बच्चों की शिक्षा एवं भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम आरके पांडेय और परियोजना निदेशक आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।