भूधंसाव का दायरा बढ़कर विद्यालय के खेल मैदान तक पहुंचा
फोटो
बसुकेदार। तहसील क्षेत्र के क्यार्क बरसूड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के नीचे हो रहे भूधंसाव का एक साल बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। अब यह भूधंसाव विद्यालय के खेल मैदान तक पहुंच गया है। इससे विद्यालय भवन और आंगनबाड़ी केंद्र को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कैलाश पंवार व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अगस्त 2025 में इस संबंध में बसुकेदार तहसील मुख्यालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर भूगर्भीय जांच भी कराई गई लेकिन अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने बताया कि उन्हें इस मामले में अभी तक जानकारी नहीं मिली है। शीघ्र इस संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की।