जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने 2017 में रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इन दिनों में अगस्त्यमुनि व जखोली ब्लाक के गांवों में व्यापक जनसंपर्क में जुट गई हैं।
लक्ष्मी राणा ने वर्ष 1996 में राजनीतिक करियर शुरू किया। वे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पालाकुराली से निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने जाने के बाद जखोली की प्रमुख निर्वाचित हुई। बाद में उपभोक्ता फोरम मेें भी प्रदेश स्तरीय पद पर भी रहीं। वर्ष 2014 में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनीं गईं। वर्तमान में वह जैविक विकास बोर्ड की अध्यक्ष भी हैं।
इधर, कैबिनेट मंत्री व रुद्रप्रयाग के विधायक डा. हरक सिंह रावत के रुद्रप्रयाग से आगामी चुनाव न लड़ने की अटकलों के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष ने ताल ठोक दी है। जिला पंचायत अध्यक्ष पिछले तीन माह से क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। अगस्यमुनि व जखोली ब्लाक के अधिकांश गांवों का भ्रमण कर वे महिला मंगल दलों को सामग्री भी वितरित कर चुकी हैं। उनका कहना है कि पार्टी हाईकमान का जो भी आदेश होगा, उसे वे मानेंगी। हालांकि विधानसभा चुनाव लड़ने का मन पूरी तरह से बना लिया है।