रुद्रपुर में वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिलाधिकारियों से बात करते मंडलायुक्त डॉ. खैरवाल।
- फोटो : RUDRAPUR
कोरोना संक्रमण से रोकथाम को लेकर प्रभारी मंडलायुक्त डॉ. नीरज खैरवाल ने मंडल के जिलाधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बैठक ली। उन्होंने कहा कि भारत और राज्य सरकार की ओर से कोरोना के रोकथाम को लकर जारी गाइड लाइन के अनुसार कार्य करें। जिन लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है, उनका 14 दिन बाद मेडिकल जांच जरूर कराएं।
उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन में रखे गए लोगों के लिए कुछ ना कुछ गतिविधियां जरूर कराई जाएं और साथ ही उनकी समय-समय पर काउंसलिंग भी कराई जाए। जिन लोगों को राज्य आपदा रिलीफ फंड (एसडीआरएफ) और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण किया जा रहा है, उनके फोटो भी वितरण के प्रमाण के लिए खींची जाए।
जिन लोगों के राशन कार्ड नहीं हैं, उनके साथ ही मजदूरों, महिलाओं, वृद्धों को मुख्यमंत्री रिलीफ फंड के तहत खाद्य सामग्री वितरित की जाए। खाद्य सामग्री वितरण के समय सभी डीएम सोशल डिस्टेंस का अनुपालन कराएं। जो भी व्यवसायिक वाहन जिलों में आ रहे हैं, उन्हें चालक, क्लीनर समेत सैनिटाइज किया जाए।
चालक और क्लीनर की स्वास्थ्य जांच कराई जाए। बाहरी जिलों से पास बनाकर जो लोग आ रहे हैं, उनकी भी जांच की जाए। मेडिकल इमरजेंसी और बड़ी पारिवारिक समस्या वाले लोगों को अनावश्यक न रोका जाए। उन्होंने कोरोना संक्रमण को रोकने को लेकर जिलों में हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। वहां एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, सीडीओ मयूर दीक्षित आदि मौजूद थे।