जिला मुख्यालय से लगे बर्सू गांव में स्व. जेपी सेमवाल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें दिन खेले गए मैचों में खांकरा ने नरकोटा व रुद्राक्ष बोफोर्स इलेवन ने अमसारी की टीम को पराजित किया। विजेता टीम के संजय व आशीष को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों की 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
बुधवार को प्रतियोगिता में खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर नरकोटा की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 140 रन बनाए। जवाब में खांकरा की टीम ने संजय की 80 रन की पारी की बदौलत एक गेंद शेष रहते हुए रोमांचक जीत हासिल की। जबकि दूसरे मैच में अमसारी की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित ओवर में 85 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्राक्ष बोफोर्स इलेवन की टीम ने आशीष के 26 रनों की मदद से सातवें ओवर में ही जरूरी रन बनाते हुए जीत दर्ज कर दूसरे चरण में प्रवेश किया। आयोजक अरविंद सेमवाल ने बताया कि अभी तक खेले गए मैचों में सभी टीमों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 15 हजार रुपये व ट्राफी व उप विजेता टीम को 7 हजार रुपये व ट्राफी प्रदान की जाएगी।