रुद्रप्रयाग। दो दिनों तक केदारनाथ धाम में हुई भारी बर्फबारी के बाद यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अचानक बढ़ी ठंड से यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में अलाव की व्यवस्था की है।
वहीं तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद है। यात्रियों में खांसी, जुकाम और सांस संबंधी दिक्कतें होने पर डॉक्टरों की टीम लगातार यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कर रही है। डीएम प्रतीक जैन ने बताया कि बर्फबारी के बाद मौसम में आए बदलाव को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। केदारनाथ में तैनात सभी विभागों, केदारनाथ नगर पंचायत और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां-जहां यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है वहां अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे खुले में देर तक न रुकें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से धाम क्षेत्र में विभिन्न स्थलों पर अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं। संवाद