- एसडीआरएफ, वाईएमएफ व आपदा मित्रों की टीम ने सुरक्षित निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर शॉर्टकट के चक्कर में चार यात्री रास्ता भटककर नदी के दूसरी ओर फंस गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ, वाईएमएफ व आपदा मित्रों की टीम ने देर रात तक अभियान चलाकर चारों यात्रियों को सुरक्षित निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मंगलवार देर रात चार युवक यात्री पैदल मार्ग छोड़कर शॉर्टकट से आगे बढ़ गए और नदी के दूसरे किनारे फंस गए। सूचना पर टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने यात्रियों से संपर्क कर उनकी लोकेशन हासिल की और चारों यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए यात्रियों में साहिल कुमार (20), सुजीत कुमार (18) और हिमांशु (24) निवासी वैशाली, बिहार व रूपेश (17) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। रात अधिक होने और आगे का मार्ग जोखिमपूर्ण होने के कारण सभी यात्रियों को लिनचोली में ही रात्रि विश्राम कराया गया। इसके बाद उन्हें उनके गंतव्य तक भेज दिया गया।
खाई में गिरा व्यक्ति
रुद्रप्रयाग। मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित निकाला। घायल को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अपर उपनिरीक्षक हरीश बंगारी ने बताया कि मंगलवार सुबह जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि पेट्रोल पंप के निकट एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना पर रतूड़ा से एसडीआरएफ टीम उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। व्यक्ति करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिरकर घायल हो गया था। घायल सुखदेव सिंह भंडारी निवासी पाबौ, पौड़ी गढ़वाल निवासी है। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। संवाद