रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को केदारनाथ की अखंड ज्योति को भंडार गृह से मंदिर के सभामंडप में विराजमान कर दिया गया। मंदिर के कपाट खुलने के दिन श्रद्धालु केदारनाथ की इस अखंड ज्योति के दर्शन भी करते हैं।
केदारनाथ मंदिर के कपाट 23 अक्तूबर भाईदूज के दिन बंद होंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रियाएं इन दिनों चल रही हैं। मंगलवार को विधि-विधान से मंदिर के धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला, केदारसभा के मंत्री आचार्य पंडित अंकित सेमवाल, पुजारी बागेश लिंग, आचार्य हेमंत आदि की मौजूदगी में मंदिर के भंडारगृह से अखंड ज्योति को बाहर लाया गया। इसके बाद पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ इसे सभामंडप में विराजमान कर दिया गया। इस दौरान केदार बाबा के दर्शनों के लिए पहुंचे तीर्थयात्रियों के जय बाबा केदार के जयघोष से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। संवाद