पंतनगर। कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के जोन- एक की वार्षिक क्षेत्रीय कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रसार कार्य करने वाले केंद्रों को पुरस्कृत किया गया। जोन एक के तहत आने वाले उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू कश्मीर और पंजाब के केवीके के प्रसार कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर बेस्ट केवीके जोनल अवार्ड रुद्रप्रयाग को मिला। बेस्ट प्रजेंटेशन अवार्ड केवीके पिथौरागढ़, केवीके मोगा (पंजाब), केवीके कुपवाड़ा (जम्मू कश्मीर), केवीके लाहौल स्पीति (हिमाचल प्रदेश) को दिया गया।
बेस्ट केवीके अवार्ड केवीके काशीपुर, केवीके संगरूर (पंजाब), केवीके कुलगाम (जम्मू कश्मीर), केवीके समराला (लुधियाना), केवीके शिमला की झोली में आए। कृषि विज्ञान केंद्रों के जोन एक के चार राज्यों के कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर उत्तराखंड के कृषि विज्ञान केंद्रों को सर्वाधिक पुरस्कार दिलाने के लिए पंतनगर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. पीएन सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उन्हें बेस्ट हॉस्पिलिटी के लिए भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक डॉ.अनुराधा दत्ता, डॉ. निर्मला भट्ट, डॉ.सी तिवारी, डॉ. सचान, डॉ.संजय चौधरी, डॉ.जितेंद्र क्वात्रा, इंजीनियर अनिल कुमार, धनसारा शर्मा, डॉ. बलवान सिंह, डॉ. मोहन सिंह, अमित कुमार, बीसी सती, दीपक शर्मा भी सम्मानित किए गए।
पुरस्कार भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहायक महानिदेशक कृषि प्रसार डॉ.वीपी सिंह चहल, आईसीएआर के कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान लुधियाना के निदेशक डॉ.राजबीर सिंह, पंतनगर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा ने प्रदान किए।