ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग में पेट्रोल पंप के समीप एक जेसीबी अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। इस दौरान सवार दो लोगों ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जिसमें वह घायल हो गए। उधर, गौरीकुंड राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग से कुंड की तरफ जा रही एक कार के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। गनीमत रही कि वाहन की पीछे की सीट में कोई नहीं बैठा हुआ था।
बृहस्पतिवार रात्रि को हाईवे के चौड़ीकरण कार्य में लगी जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। इस दौरान मशीन में सवार सुरेंद्र सिंह मेहता व सतपाल कुमार ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन वे काफी घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी केएस बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों का रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उधर, गौरीकुंड राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे रुद्रप्रयाग से कुंड की तरफ जा रही एक कार के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। गनीमत रही कि वाहन की पीछे की सीट में कोई नहीं बैठा हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्यों तक पहुंचाया। संवाद