ऊखीमठ के दिलमी गांव में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ को सामूहिक अर्ध्य लगाते हुए ग्रामीण।
- फोटो : RUDRAPRYAG
तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की दिवारा यात्रा का दिलमी गांव में ग्रामीणों ने मांगल व जागरों के साथ स्वागत किया। इस मौके पर आराध्य के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। गांव का भ्रमण करने के बाद डोली रात्रि प्रवास के लिए पुन: सारी गांव पहुंची। कल, तृतीय केदार की दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए करोखी गांव पहुंचेगी। तुंगनाथ घाटी में बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बावजूद दिवारा यात्रा में शामिल भक्तजन नंगे पैर ही गांवों का भ्रमण कर रहे हैं। सोमवार को दिमली गांव से ग्रामीण चीनी व दही लेकर सारी गांव पहुंचे और तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ को अपने गांव आने का न्योता दिया। पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आराध्य की पूजा-अर्चना की गई। सभी परंपराओं के निर्वहन के उपरांत ग्रामीणों ने भगवान को सामूहिक अर्घ्य लगाते हुए विदाई दी। इसके बाद डोली देव निशाणों के साथ रात्रि प्रवास के लिए दिलमी गांव में पहुंची। रात्रि प्रवास के लिए डोली पुन: सारी गांव पहुंची। इधर, मठापति रामप्रसाद मैठाणी ने बताया कि बुधवार को देवरा यात्रा करोखी गांव के लिए प्रस्थान करेगी। इस मौके पर आरके नौटियाल, वाईएस पुष्पवाण, शंभू प्रसाद नौटियाल, गोबिंद राम, एसएन सेमवाल आदि मौजूद थे।