जखोली। ब्लॉक के ग्राम जाखणी निवासी मुकेश लाल की आकस्मिक मृत्यु के बाद संकट से जूझ रहे उनके परिवार की मदद के लिए श्री वासुदेव टैक्सी यूनियन मयाली आगे आई है। 23 अक्टूबर को मुकेश लाल देहरादून से अपनी सूमो लेकर मयाली आ रहे थे। इसी दौरान मलेथा में हृदयाघात के कारण उनका निधन हो गया। उनकी मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही दयनीय है। उनकी पत्नी बीमार हैं, जबकि दो बेटियों और दो नाबालिग बेटों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब उन पर आ गई है। परिवार वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण मकान में रहने को मजबूर है।
श्री वासुदेव टैक्सी यूनियन मयाली के अध्यक्ष हरीश पुंडीर ने बताया कि यूनियन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने मिलकर पीड़ित परिवार को 21 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस अवसर पर यूनियन के उपाध्यक्ष प्रबल सिंह रौथाण, कोषाध्यक्ष राकेश बुटोला, सचिव दिगपाल सिंह नेगी, अनिल नेगी, सौरभ चौहान, जाखणी के पूर्व प्रधान संजय लाल, दर्शन रावत सहित यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।