कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास
एग्री-बिजनेस सेंटर से उन्नत बीज, मार्गदर्शन और विपणन की मिलेंगी सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। ब्लॉक परिसर जखोली में रीप परियोजना के तहत आजीविका गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। इसके तहत जखोली को एग्री-बिजनेस सेंटर, रेस्टोरेंट और कलेक्शन सेंटर की सौगात मिली। विधायक व कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने करीब 55 लाख की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने एग्री-बिजनेस सेंटर का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से संचालित रेस्टोरेंट एवं कैफे तथा कृषि और औद्यानिक उत्पादों के कलेक्शन सेंटर का भी लोकार्पण किया।
एग्री-बिजनेस सेंटर से काश्तकारों को उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और विपणन की सुविधाएं मिलेंगी जबकि रेस्टोरेंट व कैफे से महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा और कलेक्शन सेंटर से उपज के संग्रहण, ग्रेडिंग, पैकिंग एवं सुरक्षित भंडारण की सुविधा सुलभ होगी। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार रीप और एनआरएलएम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर महिला उत्थान संकुल स्तरीय संगठन की वार्षिक आम सभा भी हुई जिसमें वित्तीय लेनदेन, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली, खंड विकास अधिकारी जखोली अनुष्का और जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान सरिता जोशी आदि मौजूद रहे।