जखोली विकासखंड के सिलगढ़ पट्टी के गांवों को जोड़ने वाला सुमाड़ी-जैली मेाटर मार्ग खस्ताहाल होकर हादसों को न्योता दे रहा है। मार्ग पर लाटा बाबा बैंड पर भूधंसाव से बड़े तो दूर छोटे वाहनों के संचालन में भी खासी दिक्कतें हो रही हैं।
वर्ष 2004-05 में मार्ग को हल्का वाहन मार्ग से भारी वाहन मार्ग में तब्दील किया गया था, लेकिन डेढ़ दशक बाद भी सड़क की हालत नहीं सुधर पाई है। लाटा बैंड पर भूधंसाव से आए दिन दुर्घटना का खतरा बना है, जिस कारण वाहनों के संचालन में दिक्कत हो रही है। बीती बरसात में मार्ग के कई पुश्ते धंस गए थे, लेकिन एक वर्ष बाद भी स्थिति नहीं बदली। सिलगढ़ विकास संघर्ष समिति समेत क्षेपं सदस्य निर्मला बहुगुणा, ग्राम प्रधान शूरवीर लाल, पूजा थपलियाल, राधा रावत, दमयंती बिष्ट आदि का कहना है कि सड़क की कार्यदायी संस्था को कई बार अवगत कराने पर भी सुधारीकरण नहीं हो रहा है। इधर, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता विजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि दैवीय आपदा में मार्ग पर जरूरी सुधार कार्य किए जाएंगे। संवाद