गुप्तकाशी। बेडुला गांव में यदि शराब पीते हुए कोई दिखा तो 21 हजार रुपये और यदि बेचते हुए पकड़े गया तो 50 हजार का जुर्माना लगेगा। गांव में बैठक कर यह निर्णय लिया गया।
गुप्तकाशी के बेडुला गांव की महिला मंगल दल की महिलाओं ने सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर सर्वसम्मति से शराब के सेवन व बिक्री पर कड़ा जुर्माना रखा है। शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर 50 हजार व शराब पीते हुए पकड़े जाने पर 21 हजार का जुर्माना रखा गया है। महिला मंगल दल अध्यक्ष उषा देवी ने बताया कि गांव के युवाओं और बच्चों पर शराब का असर न पड़े इसके लिए सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया गया है। बैठक में प्रधान प्रदीप सिंह राणा व नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष अनूप राणा की संस्तुति मिलने पर यह प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इस दौरान महिला मंगल दल के सदस्य बबली देवी, प्रमिला देवी, रजनी देवी, संतोषी देवी, प्रेमा देवी, माधवी देवी और सुमन देवी आदि सदस्य मौजूद थे। संवाद
क्यूडी दशज्यूला में भी शराब बंद
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत क्यूडी दशज्यूला में रविवार को बैठक हुई और सर्वसम्मति से गांव में शराब के सेवन, बिक्री एवं शादी-विवाह समेत आयोजनों में शराब परोसने पर रोक लगा दी गई। कोई व्यक्ति यदि इस निर्णय का उल्लंघन करते हुए मिला तो 21 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। साथ ही सामाजिक बहिष्कार भी होगा। बैठक में पूनम देवी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण रावत आदि मौजूद रहे।