जखोली ब्लाक के ग्राम पंचायत जैली में मां चंडिका देवी के मंदिर में नौ दिवसीय महायज्ञ के आठवें दिन भव्य जलकलश यात्रा निकाली गई। इस मौके पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आराध्य देवी के दर्शन कर सुख-समृद्घि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
25 जनवरी से शुरू हुए अनुष्ठान के आठवें दिन ब्राह्मणों ने मां चंडिका देवी का शृंगार करते हुए आरती उतारी। इसके बाद प्राकृतिक जल स्रोत से मंदिर तक 51 जल कलशों के साथ भव्य जल कलश यात्रा निकाली गई। इस मौके पर पूरा क्षेत्र माता चंडिका के जयकारों से गूंज उठा। दोपहर बाद महायज्ञ में ब्राह्मणों ने देश की सुख-समृद्धि के लिए 11 हजार आहुतियां दीं। अनुष्ठान में जैली समेत आसपास के गांवों के ग्रामीण, प्रवासी और ध्याणियां भी शामिल हुईं। मां चंडिका मंदिर के आचार्य उमेश भट्ट ने बताया कि रविवार को पूर्णाहुति व प्रसाद वितरण के साथ अनुष्ठान होगा। संवाद