विजय दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी मनुज गोयल और पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शहीद की वीरांगना व युद्ध में प्रतिभाग करने वाले सैनिक को सम्मानित भी किया गया।
गुलाबराय मैदान में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डीएम गोयल ने कहा कि हम सब अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी एवं निष्ठा से करें, यही शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद दरवान सिंह की धर्मपत्नी कांता देवी, निवासी गडोरा और युद्ध के प्रत्यक्ष दर्शी राइफल मैन दयाल सिंह को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (अवकाश प्राप्त) आरएल थापा ने विजय दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर एडीएम दीपेंद्र सिंह, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी आरएस रावत, एसडीएम बृजेश तिवारी, एई अजय थपलियाल आदि मौजूद थे। दूसरी तरफ जीआईसी व जीजीआईसी रुद्रप्रयाग समेत अन्य शिक्षण संस्थाओं में भी विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। ब्यूरो