पूर्वी बांगर क्षेत्र के ग्रामीणों को बैंक सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को मीलों की दूरी तय करनी पड़ रही है। कारण क्षेत्र में कहीं भी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा न होना है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पूर्वी बांगर क्षेत्र के डांगी, खौड़, बक्सीर, भुनालगांव, मथ्यागांव, उच्छोला में किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा नहीं है। ऐसे में क्षेत्र की 15 हजार की आबादी को बैंक सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्राम पंचायत डांगी के प्रधान नवीन सेमवाल व सामाजिक कार्यकर्ता रमेश भट्ट ने बताया कि पूर्वी बांगर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं जुटाने के लिए शासन-प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। बैंक सुविधा के लिए ग्रामीणों को 10 से 15 किमी की दूरी तय कर गुप्तकाशी या भीरी जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने के लिए कई बार शासन-प्रशासन को अनुरोध करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने शीघ्र क्षेत्र में राष्ट्रीकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग की है।
इधर, जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा जाएगा। जनता की समस्या को देखते हुए क्षेत्र में राष्ट्रीकृत बैंक की शाखा खोलने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।