अगस्त्यमुनि विकासखंड के मयकोटी में डिग्री कॉलेज संचालन को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने उच्च शिक्षा निदेशक से प्रस्ताव मांगा है। पिछले पांच वर्ष से मयकोटी में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग हो रही है।
बीते सप्ताह ग्राम प्रधान अमित प्रदाली के नेतृत्व में ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत से भेंट कर उनसे डिग्री कॉलेज खोलने की मांग की। जिस पर उच्च शिक्षा मंत्री ने मौके पर ही उच्च शिक्षा निदेशक को फोन कर डिग्री कॉलेज संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। ग्राम प्रधान प्रदाली ने बताया कि वर्ष 2016 में ग्राम पंचायत व वन पंचायत द्वारा 341 नाली जमीन भूमि डिग्री कॉलेज के लिए दी गई थी, जिसका नक्शा राजस्व विभाग द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है। कहा कि मयकोटी में कॉलेज खुलने से तल्लानागपुर के गांवों के छात्र-छात्राओं को अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग और श्रीनगर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। ब्यूरो