अगस्त्यमुनि ब्लाक के पट्टी बच्छणस्यूं में कई गांवों में हाईवोल्टेज से ग्रामीणों के विद्युत उपकरण फूंक गए। कुछ घरों में मीटर सहित विद्युत लाइन भी खराब हुई हैं। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से विद्युत लाइन की मरम्मत कर नियमित सप्लाई की मांग की है।
शुक्रवार देर शाम को गहड़, नौना, दानकोट, खाल्यू, स्यूंणी, नौखू में हाई वोल्टेज से अधिकांश घरों में लगे विद्युत उपकरणों को क्षति पहुंची है। बल्ब व ट्यूब चटक गए। सामाजिक कार्यकर्ता अमर सिंह रावत, ग्राम प्रधान जीवन प्रकाश, परशुराम, संदीप पंत, सुनील सिंह आदि ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से विद्युत सप्लाई बदहाल बनी हुई है। वहीं नवासू, खेड़ाखाल, बंगोली, पणधारा, कलेथ, पौड़ीखाल, निषणी में सप्लाई अनियमित बनी हुई है।
यहां पिछले दस दिनों से घंटों कटौती हो रही है। विदित हो कि पट्टी बच्छणस्यूं के 22 ग्राम पंचायतों के 92 गांव/तोक में विद्युत सप्लाई ऊर्जा निगम के श्रीनगर व रुद्रप्रयाग डिवीजन से होती है। दोनों जगह से अनियमित सप्लाई की समस्या बनी हुई है। अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या बनी हुई है। ब्लाक प्रमुख जगमोहन रौथाण ने कहा कि बच्छणस्यूं पट्टी के गांवों में विद्युत लाइनों की स्थिति अच्छी नहीं है।
ऊर्जा निगम को लाइनों की मरम्मत करने और पुराने पोल हटाने को कहा गया है। वहीं ऊर्जा निगम के ईई मनोज गुसाईं ने कहा कि गांवों में विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य चरणबद्ध तरीके से होना है। बजट के हिसाब से प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। जिन गांवों में स्थिति ज्यादा खराब है, वहां प्राथमिकता के तौर पर कार्य किया जाएगा।