प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में तैनात चिकित्सक डॉ. विकास को बंदरों ने हमलाकर घायल कर दिया। अन्य चिकित्सकों ने तत्काल उन्हें उपचार दिया। अस्पताल प्रबंधन ने घटना के बारे में वन विभाग व नगर पंचायत को सूचना दे दी है।
रविवार देर शाम डॉ. विकास अपने कमरे से अस्पताल के आपात चिकित्सा वार्ड में भर्ती मरीज को देखने जा रहे थे। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उनपर हमलाकर दिया। वे घबराकर जमीन पर गिर गए। इसी दौरान एक बंदर ने उनके हाथ को बुरी तरह से काट लिया चिकित्सक के चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने शोर मचाया, इसके बाद बंदर भाग खड़े हुए। चिकित्सा प्रभारी डॉ. गोपाल सिंह सजवाण ने बताया कि पीड़ित चिकित्सक को उचित उपचार दिया गया है। साथ ही घटना के बारे में विभाग व निकाय प्रबंधन को लिखित जानकारी दे दी गई है।