जखोली। राजकीय महाविद्यालय जखोली में हेल्पेज इंडिया संस्था की ओर से सेहत कार्यक्रम के अंतर्गत किशोरियों और युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि जुगरान तथा फिजीशियन डॉ. बनवारी लाल सैनी ने छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें महिला स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया। छात्राओं को निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच, बीपी, शुगर टेस्ट तथा आवश्यक दवा का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि किशोरावस्था में संतुलित आहार, स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई बीमारियों से बचाव संभव है। स्वास्थ्य शिविर में कुल 173 छात्राओं ने जांच कराई और परामर्श लिया। कार्यक्रम में हेल्पेज इंडिया के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रदीप चौहान, फार्मासिस्ट विवेक राणा, लैब टेक्नीशियन भारती रॉय, कम्युनिटी मोबिलाइजर मनोज खाती, प्राचार्य डॉ. माधुरी तथा महिला सेल संयोजक डॉ. भारती कनौजिया आदि उपस्थित रहे। संवाद