जखोली। अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत चौकी जखोली क्षेत्र के गोर्ती गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का नेतृत्व चौकी प्रभारी महेश सिंह रावत ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों को जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान के बारे में बताया और उन्हें भी सूचना देने को कहा। इस दौरान पुलिस टीम ने गांव के बुजुर्गों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।