ऊखीमठ ब्लॉक के सेमला गांव में धार्मिक अनुष्ठान में जल कलश यात्रा निकालते हुए श्रद्घालु।
- फोटो : RUDRAPRYAG
ग्राम सिमला में नव निर्मित दुर्गा माता मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं सकलीकरण यज्ञ में भव्य जल कलश यात्रा निकाली गई। इस मौके पर ग्रामीणों व ध्याणियों ने आराध्य की पूजा-अर्चना कर घर, परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
शनिवार को भक्तों द्वारा तुंगेश्वर महादेव के प्राकृतिक जल स्रोत से मंदिर तक 201 कलशों के साथ भव्य जलकलश यात्रा निकाली गई। इसके उपरांत मंदिर में आचार्य देवानंद जमलोकी, कलाधर सेमवाल, विनोद जमलोकी, राजन सेमवाल व सुधीर नौटियाल के वेद-मंत्रोच्चार के साथ कलशों में लाया हुआ जल आराध्य देवी को अर्पित किया गया। प्रधान प्रर्मिला देवी, मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद रावत, कोषाध्यक्ष विनोद चौधरी ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए ग्रामीण महानंद त्रिवेदी द्वारा भूमिदान किया गया। जबकि पारेश्वर त्रिवेदी द्वारा देवी मूर्ति स्थापित की गई है। रविवार को मंदिर में पूर्णाहुति व प्रसाद वितरण के साथ तीन दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हो जाएगा। इस मौके पर केदारनाथ विस की पूर्व विधायक आशा नौटियाल, केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, पुजारी शिव शंकर लिंग, ग्राम पंचायत सारी की ग्राम प्रधान मनोरमा देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष शरादी देवी, दिनेश तिवारी आदि मौजूद थे। संवाद