रुद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड के ग्राम पंचायत भटवाड़ी के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर ग्राम पंचायत में किए जा रहे कार्यों में अनियमितता और मनमाने ढंग से कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है।
ग्रामीण सुरेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद, रमेश लाल व कृपाल आदि का कहना है कि ग्राम पंचायत भटवाड़ी में ग्राम प्रधान द्वारा मनमाना तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। किसी भी कार्य को लेकर ग्राम पंचायत और पंचायत सदस्यों को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। पूर्व में गांव की खुली बैठक में भी ग्राम प्रधान की तरफ से सभी कार्य ठेकेदार की देखरेख के बजाय स्वयं की देखरेख में कराने का प्रस्ताव पारित किया था। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता के साथ वित्तीय अनियमितता भी हो रही है। इधर, जिलाधिकारी डाॅ. सौरव गहरवार ने बताया कि खंड विकास अधिकारी से मामले के बारे में पूरी जानकारी मांगी गई है। संवाद