रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र निवासी एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने निजी अस्पताल चलाने वाले एक डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।
शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी चंद्रसेन की 17 वर्षीय बेटी मंजू को बुधवार सुबह पेट दर्द की शिकायत हुई। चंद्रसेन मंजू को क्षेत्र में ही निजी अस्पताल चलाने वाले एक डॉक्टर के पास उपचार के लिए लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मंजू को कुछ दवा दी, जिसके बाद परिजन मंजू को घर ले आए। देर रात अचानक मंजू को फिर पेट दर्द की शिकायत हुई तो परिजन मंजू को लेकर फिर उसी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मंजू को इंजेक्शन लगाने के साथ ही एक ड्रिप भी चढ़ा दी, जिसके बाद मंजू की हालत और अधिक बिगड़ गई। परिजन मंजू को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मंजू को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस को मामले की तहरीर नहीं मिली है।