जखोली ब्लॉक के सिलगढ़ पट्टी का राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ा का भवन जर्जर होकर हादसों को न्योता दे रहा है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने विभाग से जल्द विद्यालय भवन की मरम्मत की मांग की है।
ग्राम प्रधान भरत सिंह कैंतुरा, सिलगढ़ विकास समिति के संरक्षक ओपी बहुगुणा, नरेश भट्ट आदि का कहना कि जीआईसी चोपड़ा सिलगढ़ पट्टी के सबसे दूरस्थ गांव का विद्यालय है। यहां वर्तमान में 250 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन विद्यालय का भवन हादसों का सबब बना है। भवन की छत जर्जर होकर सिमेंट की परत गिर रही है। साथ ही सरिया बाहर निकली हुई हैं, जिससे निरंतर खतरा बना है।
कुछ दिन पहले स्कूल समय से पहले ही एक कक्ष की छत का प्लास्टर गिर गया था। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी सुध नहीं ली जा रही है जिसका खामियाजा स्कूली बच्चे भुगत रहे हैं। स्थिति यह है कि बरसाती मौसम में अधिक बारिश होने पर मजबूरन छुट्टी करानी होती है। उन्होंने शासन-प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से विद्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण करने की मांग की है।