पदोन्नति में आरक्षण समाप्त कर व पदोन्नति में लगी रोक को हटाने की मांग को लेकर सामान्य-ओबीसी कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय पर बाइक रैली निकालते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
रविवार को सभी कर्मचारी गुलाबराय मैदान में एकत्रित हुए। इसके पश्चात उन्होंने सामान्य-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले बाइक रैली निकाली। कर्मचारियों की रैली मुख्य बाजार, केदारनाथ तिराहा, बेलणी होते हुए जिला कार्यालय पहुंची। इस दौरान पदोन्नति में आरक्षण समाप्त न करने पर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट परिसर में सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विक्रम झिंक्वाण ने कहा कि जब तक पदोन्नति में लगी रोक नहीं हटाई जाती है, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर संरक्षक कुशलानंद भट्ट, कोषाध्यक्ष डीसीएस बिष्ट, मानविरेंद्र बर्त्वाल आंनद सिंह जगवाण, राजेश पुरोहित, इनायत हुसैन, धनंजय भट्ट, वीरेंद्र कठैत, सौम्य ढौढियाल, नरेश भट्ट समेत भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।