गदरपुर में पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए जुआरी।
- फोटो : RUDRAPUR
जुआ खेलते चार पकड़े, आठ फरार, 12 पर केस
रुद्रपुर/गदरपुर। पुलिस ने महतोष चौकी क्षेत्र से चार जुआरियों को जुआ खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर आठ जुआरी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने फरार आठ लोगों को चिन्हित करने के साथ ही कुल 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से हजारों की रुपये की नकदी के साथ ही मौके से सात बाइक और एक कार बरामद की है।
पुलिस को शनिवार देर शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि महतोष चौकी क्षेत्र के एक भट्ठे के पास पुलिया पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर एसओ जसविंदर सिंह पुलिस कर्मी और एसपीओ के साथ निजी वाहन में सवार होकर मौके पर रवाना हो गए। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो वाहन की रोशनी देखकर जुआरी भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी की लेकिन चार आरोपी ही पकड़ में आ सके जबकि आठ आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार जुआरियों के कब्जे से 38 हजार सात सौ तीस रुपये, एक बैंक की पासबुक, ताश की गड्डी बरामद की। इसके अलावा सात बाइकें और एक कार कार जब्त की। पुलिस के हत्थे चढ़े चार जुआरियों कन्हाई मंडल निवासी आदर्श इंद्रा बंगाली कॉलोनी रुद्रपुर, नजाकत उर्फ भूरा निवासी वार्ड नंबर नौ, शुभम हुड़िया और मुकेश उर्फ मिक्की भगत निवासी वार्ड नंबर नौ गदरपुर ने फरार आठ साथियों के नाम पुलिस को बताए। इसके बाद पुलिस ने उक्त चार आरोपियों के अलावा फरार भूरा निवासी बस अड्डा गदरपुर, महेंद्र सुखीजा निवासी ज्ञान विहार कॉलोनी गदरपुर, मकसत निवासी रामजीवनपुर, मुख्त्यार उर्फ मुक्खी निवासी धयौलपुर, अमीरुलहसन निवासी वार्ड नंबर 10 गदरपुर, इंद्रमोहन निवासी महेशपुरा रुद्रपुर, गुरमेज निवासी ग्राम तेजाफौजा और सद्दाम पासा नुिवासी वार्ड नंबर 10 गदरपुर के खिलाफ 13 जुआ अधिनियम में केस दर्ज किया है। एसओ जसविंदर सिंह ने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इधर, पकड़े गए चारों आरोपियों को थाने से जमानत देकर रिहा कर दिया गया। संवाद
फोटो 19आरडीपी 01पी: गदरपुर में पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।