सेम-भरदार निवासी भक्ति प्रसाद डिमरी ने पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में अज्ञात के खिलाफ उसकी माता शाकंबरी देवी के जिला सहकारी बैंक सुमाड़ी (टिहरी गढ़वाल) के खाते से फर्जी एटीएम की मदद से 37, 200 रुपये निकालने का आरोप लगाया है। उन्होंने बैंक प्रबंधन के इस प्रकरण में मिलीभगत होने की बात भी कही है।
पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा को दी गई तहरीर में डिमरी का कहना है 19 अक्तूबर 2015 को उसकी माता ने जिला सहकारी बैंक में खाता खोला था। इस दौरान उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी भी साथ दी। बैंक की ओर से एटीएम कार्ड बनवाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
इस पर, बैंक कर्मियों ने आवेदन फार्म के अतिरिक्त कुछ अन्य फार्म पर हस्ताक्षर कराए गए। डिमरी का कहना है कि 11 मई 2016 को खाता पासबुक की इंट्री कराई गई, जिसमें खाते में मात्र 214 रुपये शेष पाए गए हैं। जबकि खाते में 61,770 रुपये थे। 28 दिसंबर को स्वयं खाताधारक ने 28 दिसंबर को 25 हजार रुपये निकाले।
इसके बाद पुन: कुछ धनराशि जमा की गई। इसके बाद किसी भी प्रकार से खाते से धन की निकासी नहीं की गई। डिमरी ने जिला सहकारी बैंक कर्मियों पर मिलीभगत से फर्जी हस्ताक्षर कर उसकी माता का एटीएम बनाकर उससे खाते से धन निकालने का आरोप लगाया है। इधर, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में बैंक अधिकारियों से जानकारी के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।