रुद्रपुर। जसपुर में सर्वे करने गई आशा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता के मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया है। डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीएमएस को दोषियों के खिलाफ तत्काल केस दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही तीन दिन के भीतर सीएमओ के माध्यम से स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार को नई बस्ती जसपुर में सर्वे करने गई आशा कार्यकर्ताओं के साथ एक युवक ने बदसलूकी की थी। आशाओं को मोहल्ले से भगा दिया था। मामला तूल पकड़ा तो युवक ने आशाओं से माफी मांग ली थी और मामले का पटाक्षेप कर दिया गया था लेकिन मामले को हल्के में लेकर निपटाने को डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हितेश शर्मा को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कुछ लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों को राजकीय कार्य करने से रोका है। यह घटना खेदजनक और गंभीर प्रकृति की है। वर्तमान परिदृश्य में स्वास्थ्य, पुलिस और अन्य विभागों के कर्मचारी कोरोना की रोकथाम के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। घटना की जानकारी होने के बावजूद उच्चाधिकारियों को अवगत नहीं कराने और गंभीर घटना के बावजूद दोषियों के खिलाफ आपराधिक अभियोग पंजीकृतक न कराना अनुत्तरदायित्वपूर्ण कृत्य है। उन्होंने तत्काल दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।