पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय के 106वें अखिल भारतीय किसान मेले और कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुक्रवार से शुभारंभ हो गया। मुख्य अतिथि पिथौरागढ़ की प्रगतिशील महिला काश्तकार रेखा भंडारी ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। कुलपति डॉ. तेजप्रताप ने मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों को खुली जीप में बैठाकर मेला प्रांगण में लगे स्टालों का भ्रमण कराया।
शुक्रवार को विवि के गांधी हॉल सभागार में मुख्य उद्घाटन समारोह में अतिथि रेखा भंडारी ने जीवन के अनुभवों को साझा किया। कहा कि आंचल डेयरी को छोटी मात्रा में दूध बेचने की शुरुआत से आज उनके महिला समूहों की ओर से 120 लीटर दूध प्रतिदिन बेचा जा रहा है। खेती में वैज्ञानिकों से हासिल की गई जानकारी के आधार पर उन्नत बीजों और नई तकनीकों के प्रयोग से खेती को और अधिक अधिक लाभप्रद बनाया। साथ ही सब्जी, इलायची, मत्स्य पालन आदि से अधिक कमाई का जरिया खोजा। रेखा ने कहा कि किसान और वैज्ञानिक का रिश्ता मित्रता का होता है।
दोनों को मिलकर कृषि एवं किसान को आगे बढ़ाने की सोच बनानी चाहिए। पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन का कारण चिकित्सा, शिक्षा और अन्य सुविधाओं की कमियां भी हैं, जिनमें काफी सुधार की गुंजाइश है। अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. तेजप्रताप ने कहा कि कृषि अब बदल रही है। यह अब जीवन पद्धति न रहकर अधिक कमाई का मुख्य जरिया बन रही है। जो किसान इस बदलाव को नहीं अपनाएंगे वे पीछे रह जाएंगे। मेले से हर किसान को कोई न कोई नई बात सीखकर जानी चाहिए।
किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि विवि पर देश के किसानों का भरोसा है और विवि को इस विश्वास को और मजबूत करना होगा। विधायक पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंतनगर के वैज्ञानिकों के सामने किसानों के जीवन में खुशहाली लाने की चुनौती है।
वीसीएसजी उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विवि भरसार के कुलपति डॉ. एके कर्नाटक ने कहा कि पंतनगर विवि को अब विश्वस्तर पर अग्रणी विवि में स्वयं को स्थापित करने के लिए प्रयास करना चाहिए। देश के अन्य प्रदेशों और विदेशों के विद्यार्थियों को भी बड़ी संख्या में पंत विवि मे ंप्रवेश देने की व्यवस्था करनी चाहिए।
निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. पीएन सिंह ने सभी का स्वागत कर मेले के बारे में जानकारी दी। निदेशक शोध डॉ. एसएन तिवारी ने सभी का आभार जताया। मंचासीन अतिथियों ने विभिन्न कृषि साहित्यों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, विद्यार्थी, वैज्ञानिक, शिक्षक, अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
किसान मेले में नौ प्रगतिशील किसान सम्मानित
पंतनगर। अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रेखा भंडारी एवं कुलपति डॉ. तेजप्रताप ने खेती में अभिनव प्रयोग करने और बेहतर कार्य करने वाले विभिन्न जिलों के नौ प्रगतिशील किसानों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले किसानों में केदार दत्त जोशी निवासी ग्राम ग्वीनाडा मल्ला चंपावत, रघुवीर सिंह निवासी ग्राम दुधलादयालवाला हरिद्वार, प्रियंका पांडे निवासी ग्राम कांटे पिथौरागढ़, मंजू रावत निवासी ग्राम लोल्टी चमोली, आनंदमणि भट्ट निवासी ग्राम अलचैना नैनीताल, संजय कुमार निवासी ग्राम धर्मावाला देहरादून, शेर सिंह लटवाल निवासी ग्राम चैसली अल्मोड़ा, रजत कचुरा ग्राम बिंदुखेड़ा ऊधमसिंह नगर और बलवीर सिंह रावत निवासी ग्राम कैंथा रुद्रप्रयाग शामिल रहे।