अगस्त्यमुनि ब्लाक के बच्छणस्यूं पट्टी के दूरस्थ गांव तल्ला बणगांव में भालू ने हमला कर एक ग्रामीण को बुरी तरह से घायल कर दिया। परिवारीजनों द्वारा उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता व स्थानीय निवासी दिनेश नेगी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद दो बजे धन सिंह (41) खेत में धान मढ़ाई के लिए जा रहा था। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर हमला कर दिया। जब तक वह संभलता भालू ने उसके सिर, कान, गर्दन, पीठ, जांघ और हाथों को लहूलुहान कर दिया।
भालू के हमले से बचने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने पर कुछ ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख भालू भाग गया। ग्रामीणों द्वारा उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लाया गया। सीएमएस डा. बीएस चौहान ने बताया कि घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।