तहसील सभागार में द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में डोली आगमन पर लगने वाले मद्महेश्वर मेले की तैयारियों को लेकर मेला समिति, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई।
मेलाध्यक्ष व नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक ने कहा कि मेले को भव्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मेलाध्यक्ष श्रीमती पुष्पवाण ने कहा कि व्यवस्थाओं के तहत स्वयं सेवक पुलिस और प्रशासन का सहयोग करेेंगे।
इस मौके पर मेलाधिकारी उप जिलाधिकारी उत्तम सिंह चौहान ने पुलिस को मेला मंच की सुरक्षा और ऊर्जा निगम को मंदिर मार्ग से लेकर मेला पंडाल तक समुचित विद्युत व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि, वन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग सहित अन्य विभागों को अपने स्टाल लगाने को भी कहा।
बैठक में मेला सचिव प्रकाश रावत, कोषाध्यक्ष महावीर रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीपी भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष एएस रावत, जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, जेआर सेमवाल, पूर्व प्रमुख एलपी भट्ट, बीईओ केएस राणा, चिकित्साधिकारी सचिन चौबे आदि थे।