अगस्त्यमुनि में 6 नवंबर से आयोजित होने वाले मंदाकिनी शरदोत्सव एवं विकास मेले की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक हंगामेदार रही। कुछ लोगों ने मेला कमेठी के गठन पर ऐतराज जताया। बाद में समिति का पुनर्गठन का निर्णय लिया गया।
अगस्त्यमुनि विकास खंड सभागार में आयोजित बैठक शुरू से ही हंगामेदार रही। बैठक में आम सहमति बनाने का प्रयास किया गया। जो नहीं हो पाया। कुछ लोगों ने मेला संचालित करने के लिए बनाई गई कमेटी पर सवाल उठाते हुए ऐतराज जताया।
निर्णय लिया गया कि इस बार पांच दिवसीय मेला बिना सरकार की वित्तीय मदद से स्वयं के संसाधनों के जरिए संचालित करवाया जाएगा। इस मौके पर मेला समिति के पदाधिकारी विक्रम सिंह नेगी, हर्षवर्धन बेंजवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष मोहन रौतेला ने सभी लोगों से मेले आयोजन कराने के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र हित में कार्य करने की अपील की।
वहीं, मेले की तैयारियों को लेकर अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में दुकानें सजनी शुरू हो गई है। इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद चंद्र, सावन सिंह नेगी, मुकेश डोभाल, पृथ्वीपाल सिंह रावत आदि थे।