कार्तिक स्वामी मंदिर के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब पहुंच मार्ग पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए 3.32 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है।
जिले में क्रौंच पर्वत पर स्थित भगवान कार्तिक स्वामी मंदिर में सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। श्रद्धालु ढाई किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़ कर मंदिर तक पहुंचते हैं, लेकिन रास्ते में कोई सुविधा नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती है। इससे यहां अपेक्षाकृत कम श्रद्धालु आते हैं। ग्रामीण लंबे समय से कार्तिक स्वामी मंदिर में सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। इसके तहत अब कार्तिक स्वामी मंदिर के सौंदर्यीकरण व श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बजट स्वीकृत किया गया है।
जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि 3.32 करोड़ प्राप्त हो गए हैं। इससे कनकचौरी से कार्तिक स्वामी मंदिर पहुंच मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा मार्ग में रेन शेल्टर, व्यू प्वाइंट बनाए जाएंगे। साथ ही मंदिर व मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण व श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशाला का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही काम शुरू किया जाएगा।
कार्तिकेय मंदिर समिति के प्रेस प्रवक्ता लक्ष्मण सिंह नेगी ने कार्तिक स्वामी मंदिर के सौंदर्यीकरण व सुविधा संपन्न बनाने के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर काम शुरू होना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सके।