रुद्रपुर के पंजाब नेशनल बैंक में खाली पड़ा आधार कार्ड बनाने का काउंटर।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। पीएनबी में आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद बैंक के चीफ मैनेजर ने आधार कार्ड संचालक का सामान जब्त कर लिया है। साथ ही जांच कमेटी गठित की जा रही है।
पंजाब नेशनल बैंक के चीफ मैनेजर संजीव सुरी को संजीव कुमार मौर्य नाम के युवक ने शिकायती पत्र देकर बताया था कि वह बीते दिनों बैंक में आधार कार्ड में नाम बदलवाने के लिए आया था। आधार कार्ड संचालक ने उससे 50 रुपये के बजाय 300 रुपये ले लिए। आवश्यक काम के लिए आधार की जरूरत होने पर वह 300 रुपये देकर गया। उसने आधार कार्ड संचालक पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। बैंक के चीफ मैनेजर ने बताया शिकायती पत्र के बाद आधार कार्ड के हेड ऑफिस में यह जानकारी दी गई थी। उसके आदेश के बाद सेंटर संचालक मो. जावेद निवासी वार्ड पांच खेड़ा रुद्रपुर का सामान जब्त कर लिया गया है। आरोपों के जांच के लिए कमेटी गठित की जा रही है। उन्होंने बताया कि बैंक में कुछ दिन आधार का काम प्रभावित रहेगा।