तीन मंजिला परीक्षा भवन का निर्माण पूरा
ऑडिटोरियम के निचले तल पर बनेगा इंडोर स्टेडियम
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में शैक्षणिक और खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। महाविद्यालय में 5.93 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला परीक्षा केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है। अब भवन में फर्नीचर पहुंचने का इंतजार है। इसके बाद परीक्षाएं इसी भवन में आयोजित की जाएंगी।
वहीं महाविद्यालय परिसर में 5.19 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम का निर्माण चल रहा है। इसमें करीब एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी। भवन के निचले तल पर इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, जहां बैडमिंटन सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो सकेंगी। ऊपरी तल पर ऑडिटोरियम तैयार किया जाएगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र दुद्पुड़ी ने बताया कि परीक्षा केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। फर्नीचर उपलब्ध होने के बाद भवन का उपयोग शुरू कर दिया जाएगा। इससे परीक्षा संचालन में सुविधा मिलेगी। इन सुविधाओं के विकसित होने से विद्यार्थियों को परीक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए परिसर में ही बेहतर संसाधन मिल सकेंगे। इससे महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।