वर्ष 2006-07 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत, बष्टी, वीरो, पाली, डालसिंगी, अरखुंड, नैली, कुंड और हाट गांव की करीब दो हजार आबादी के लिए 18 किमी बष्टी-हाट मोटर मार्ग का निर्माण किया गया। बावजूद इसके कुंड, हाट और नैली के काश्तकारों को मार्ग निर्माण के दौरान उनकी भूमि कटान व दबान का एक रुपया भी मुआवजा नहीं मिला है।
ग्रामीण रामचंद्र गोस्वामी, बलवीर पंवार, गोपाल सिंह, रमेश बिष्ट, विश्वमित्र भट्ट आदि ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बीडीसी व तहसील दिवस में भी कई बार मुद्दा उठ चुका है। बावजूद अब तक मुआवजे को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
दूसरी तरफ मार्ग पर हो रहे डामरीकरण कार्य को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। कहना है कि कार्यदायी संस्था बिना निकास नाली निर्माण और मिट्टी को साफ किए डामरीकरण कर रही है। एक सप्ताह पूर्व बिछा डामर कई स्थानों पर उखड़ रहा है।
जून 2013 की आपदा में मार्ग पर किमी 15 से 17 के बीच भूस्खलन से काफी क्षति पहुंची थी। इससे कुछ स्थानों पर नई कटिंग भी करनी पड़ी। ऐसे में अमीन से सर्वे कराकर छूटे परिवारों के लिए मुआवजे का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। धन प्राप्त होते ही वितरित कर दिया जाएगा। - पंकज बिष्ट, जेई पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग