रुद्रप्रयाग। जनपद पुलिस के प्रहरी पड़ाव अभियान के तहत अब तक 15 गांवों में रात्रि चौपाल और रात्रि प्रवास कार्यक्रम किए जा चुके हैं। बीती सोमवार रात को चौकी गौरीकुंड क्षेत्र के मुनकटिया और कोतवाली अगस्त्यमुनि के फलई गांव में चौपाल हुई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल में ग्रामीणों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशामुक्त समाज और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही गांवों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए प्रवेश और निकास मार्गों पर सीसीटीवी लगाने तथा ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
पुलिस कर्मियों ने किया योगाभ्यास
रुद्रप्रयाग। पुलिस लाइन रतूड़ा में मंगलवार को आयोजित परेड के दौरान पुलिस कर्मियों के लिए योगाभ्यास और शारीरिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने किया। इस दौरान पुलिस लाइन के कर्मचारियों और पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं से आए कार्मिकों ने योग और व्यायाम में भाग लिया। मानसिक शांति और तनाव प्रबंधन के लिए प्राणायाम तथा विभिन्न योगासन कराए गए। वहीं शारीरिक फिटनेस बढ़ाने के लिए कई तरह के व्यायाम भी करवाए गए। संवाद