पुलिस दूरसंचार मुख्यालय के एसपी ने किया संचार शाखा का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। पुलिस दूरसंचार मुख्यालय के पुलिस अधीक्षक जसवीर सिंह ने जनपद की पुलिस संचार शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष में ड्रोन, सीसीटीवी सर्विलांस, वायरलेस संचार, पोलनेट और डायल-112 की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद संचार अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने ड्रोन संचालन के साथ ड्रोन फॉरेंसिक और एंटी-ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण लेने पर जोर दिया।
वहीं पुलिस संचार शाखा में स्थापित ड्रोन मॉनिटरिंग सेल से जनपद में ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों में आधुनिक तकनीक की भूमिका बढ़ रही है। ऐसे में कार्मिकों को नई तकनीकों की जानकारी रखनी होगी। उन्होंने आगामी कुंभ मेला और निर्वाचन के लिए संचार व्यवस्था की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने थानों और चौकियों से वायरलेस संपर्क सुचारु रखने, वीएचएफ और एचएफ उपकरणों की नियमित जांच करने और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत करने को कहा। डायल-112 पर आने वाली आपातकालीन कॉल के बाद संबंधित कॉलर से फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार पौड़ी परिक्षेत्र अनूप काला, निरीक्षक प्रमोद पेटवाल, उपनिरीक्षक सुनील नौटियाल और राकेश मोहन आदि मौजूद रहे।