रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विस क्षेत्र के देवर गांव निवासी अंजलि ने गोवा में आयोजित 10 किमी राष्ट्रीय रेड रन मैराथन में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अंजलि की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने बधाई दी।
बीते 18 जनवरी को गोवा में मैराथन का आयोजन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) की ओर से एचआईवी नियंत्रण और जनजागरूकता के लिए किया गया था। इस मैराथन में देश के 26 राज्यों के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया था जिसमें उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से अंजलि भी शामिल थीं। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री श्रीपद येसीनाइक ने मैराथन का उद्घाटन किया था। मैराथन में देवर गांव निवासी अंजलि ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया था। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने उन्हें 35,000 रुपये नकद धनराशि भी दी। अंजलि के पिता भरत सिंह ने कहा कि उनके लिए यह गौरव की बात है। बेटी ने उन्हें भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। संवाद