अगस्त्यमुनि/गुप्तकाशी। केदारनाथ विस उपचुनाव में पोलिंग बूथों पर मतदान के लिए बुजुर्ग भी उत्साह के साथ पहुंचे। इस दौरान कई बुजुर्गों ने युवा वोटरों को भी वोट देने के लिए प्रेरित किया। विस क्षेत्र के सौड़ी पोलिंग बूथ पर 96 वर्षीय नसीमा खातून अपने परिजनों के साथ लाठी के सहारे चलकर पहुंचीं और वोट डाला। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद से उन्होंने प्रत्येक चुनाव में मतदान किया है। जबकि एक बुजुर्ग चलने में असमर्थ होने पर घोड़े से केंद्र तक पहुंचे।
केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में मतदान के लिए 173 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर कई बुजुर्ग मतदाता भी पहुंचे जिन्होंने उत्साह से वोट डाला। अगस्त्यमुनि पोलिंग बूथ पर श्रीनंद जमलोकी (83), जगमोहन खत्री (81), चमेली बूथ पर सुरेशी देवी (78), नाला बूथ पर सावित्री असवाल (85), अनिल शर्मा व दामोदर अंथवाल (70) के साथ ही अन्य पोलिंग बूथों पर बुजुर्ग मतदाताओं ने वोट दिया। गिरिया गांव के बुजुर्ग गंगाधर सेमवाल (81) पैदल चलने में असमर्थ हैं इसलिए वह घोड़े पर सवार होकर मतदान केंद्र तक पहुंचे। विस के कालीमठ घाटी, मद्महेश्वर घाटी, केदारघाटी और मंदाकिनी घाटी के कई पोलिंग बूथों पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने व ले जाने में मदद की। वहीं, देहरादून से वोट देने गुप्तकाशी पहुंचे बीकेटीसी के पूर्व कार्याधिकारी अनिल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का विशेष महत्व है और इसमें भागीदारी जरूरी है।