ऑल वेदर परियोजना के तहत हाईवे चौड़ीकरण किया गया, लेकिन अधूरा डामर बिछाए जाने से लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
चारधाम विकास परियोजना के तहत ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है। निर्माणदायी संस्था द्वारा बाजार में अधूरा ही डामर बिछाया गया, जबकि पूर्व में खोदी गई सड़क को अभी तक ठीक नहीं किया गया है। स्थिति यह है कि सड़क पर कीचड़ होने से लोग आए दिन फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष कांता प्रसाद नौटियाल का कहना है कि हाईवे पर अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सड़क पर बने गड्ढों में आए दिन दुपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। ईई जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इन दिनों बाजार में ढांचे तोड़ने का कार्य गतिमान है। 15 दिन के भीतर कार्य हो जाएगा। वाहन रपटने की समस्या को लेकर वे बाजार का निरीक्षण करवा रहे हैं, जिसे जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा।