अगस्त्यमुनि ब्लॉक के नगरासू-घोलतीर में संचालित राजकीय एलौपैथिक चिकित्सालय में पेयजल संकट से कर्मचारी परेशान हैं। साथ ही टीकाकरण के लिए पहुंच रहे लोगों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तल्लानागपुर, धनपुर व रानीगढ़ पट्टी के नगरासू, घोलतीर, कोठगी, मवाणा, मदोला, भटवाड़ी, बीना, चौकी, घुडस्याल सहित 20 से अधिक गांवों के ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय नगरासू-घोलतीर पहुंचते हैं, लेकिन लंबे समय से अस्पताल में पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे यहां तैनात डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टॉफ को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि कोट-घोलतीर मोटर मार्ग की कटिंग से पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई थी। पीएमजीएसवाई द्वारा योजना के पुनर्निर्माण के लिए पचास फीसदी धनराशि दे दी गई है, लेकिन लाइन बिछाने के लिए मलबा की सफाई नहीं की जा रही है, जिस कारण पेयजल सप्लाई में दिक्कतें हो रही हैं।