रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में बगैर कॉलेज ड्रेस के छात्र-छात्राएं।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए 21 फरवरी से ड्रेस कोड अनिवार्य करने के बावजूद इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। मंगलवार को परिसर में कई छात्र-छात्राएं बगैर कॉलेज ड्रेस में नजर आए।
करीब दो सप्ताह पूर्व एक छात्र-छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद कॉलेज परिसर में अनुशासन के लिए 21 फरवरी से छात्र-छात्राओं के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया था। साथ ही गेट पर आई कार्ड चेकिंग और वाहनों की परिसर में नो एंट्री की थी।
नियम कायदों के सख्ती से अनुपालन को 19 फरवरी को कॉलेज प्रबंधन की प्रशासन के साथ वार्ता भी हुई। हालांकि इसके बाद पहले से अधिक छात्र-छात्राएं ड्रेस कोड का अनुपालन कर रहे हैं लेकिन अभी भी कई छात्र-छात्राएं ड्रेस कोड का अनुपालन नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को अमर उजाला की टीम ने कॉलेज परिसर में इसका जायजा लिया। परिसर में कई छात्र-छात्राएं बगैर कॉलेज ड्रेस के मिले।
छात्रसंघ अध्यक्ष ने ड्रेस कोड के पालन की अपील की
रुद्रपुर। छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम तिवारी ने छात्र-छात्राओं से ड्रेस में ही कॉलेज आने की अपील की। तिवारी ने कहा कि वह स्वयं भी ड्रेस कोड में कॉलेज पहुंच रहे हैं।