सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी रंजना ग्राम पंचायत नगरासू में रात्रि प्रवास करेंगी। इस दौरान वे ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनेंगी।
प्रदेश सरकार की योजनाओं को दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने के लिए डीएम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को गांवों में रात गुजारनी है। इस दौरान वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ उनका निराकरण करने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे।
इस दौरान वहां हो रहे विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। डीएम ने बताया कि अधिकारियों को किन-किन गांवों में रात्रि प्रवास करना है, इस संबंध में रोस्टर तैयार कर दिया गया है।
31 दिसम्बर से पूर्व सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कम से कम एक गांव का भ्रमण कर वहां के ग्रामीणों के साथ बैठक कर समस्याएं सुनेंगे। गांवों में बिजली, पानी, शिक्षा, सिंचाई, पेंशन, खाद्य सहित समाज कल्याण विभाग से मिलने वाली विभिन्न पेंशन के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली जाएगी।
बताया कि वे स्वयं भी नगरासू गांव का दौरा वहां रात्रि प्रवास करेंगी। डीएम से सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गांवों के भ्रमण व रात्रि प्रवास को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। भ्रमण व प्रवास के संबंध में विभागीय अधिकारियों को संबंधित गांव को सूचना एक सप्ताह पूर्व देनी होगी।