डीएम मंगेश घिल्डियाल के औचक निरीक्षण में राप्रावि गडबू में लटके मिले ताले। स्कूल में अभिभावकों ?
- फोटो : RUDRAPRYAG
अगस्त्यमुनि ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय गडबू के औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी को विद्यालय में ताला लटका मिला। ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि यहां तैनात शिक्षक अक्सर नदारद रहते हैं और सप्ताह में दो या तीन दिन ही विद्यालय का संचालन होता है। इस पर, जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही डीईओ बेसिक, बीईओ व उप शिक्षाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
बुधवार को पूर्वान्ह 11 बजे डीएम लदोली-जसोली मोटर मार्ग से ढाई किमी पैदल चलकर औचक निरीक्षण पर राप्रावि गडबू पहुंचे तो स्कूल में ताला लटका मिला। इस दौरान ग्रामीणों को डीएम के आने की सूचना मिली तो वे विद्यालय में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके बच्चे सुबह नियत समय पर स्कूल आए थे, लेकिन शिक्षक के नहीं होने से छात्र-छात्राएं प्रार्थना करके अपने-अपने घरों को वापस चले गए। बताया कि विद्यालय सप्ताह में बमुश्किल दो या तीन दिन ही संचालित हो पाता है। यहां तैनात शिक्षक ज्यादातर विद्यालय से गायब रहता है। डीएम ने नाराजगी जताते हुए फोन पर भी विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा है।